बीएसएफ का वाहन पलटा 17 घायल, 5 की हालत गंभीर



अंतागढ़ के पास बेकाबू होकर पलट गया वाहन

जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में बीएसएफ का वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन पलट जाने से सत्रह जवान घायल हो गए, जिनमें से पांच को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है।

घायल जवान बीएसएफ की 162 वीं बटालियन के हैं और ये नारायणपुर जिले के अंतिम छोर पर स्थित सरगीपाल फुलपाड कैंप में एंटी नक्सल मोर्चे पर तैनात हैं। बताया गया है कि ये जवान एक निजी मिनी ट्रक से शुक्रवार को अंतागढ़ जा रहे थे। इसी दौरान नारायणपुर और कांकेर जिलों की सीमा पर स्थित ताड़ोकी एवं रावघाट थाने के सीमाई इलाके में तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया है कि स्टेयरिंग फेल हो जाने के कारण वाहन बेकाबू हो गया और पलट गया। मिनी ट्रक पर सवार जवानों में 17 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों में से 5 की हालत गंभीर बताई गई है। सभी को तुरंत इलाज के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर रूप से जख्मी पांच जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकाप्टर के जरिए रायपुर ले जाया गया। हादसा नारायणपुर – अंतागढ़ मार्ग पर कुम्हारी गांव के पास शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे हुआ। हादसे में घायल जवानों से मिलने नारायणपुर पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने गंभीर घायल जवानों को रायपुर भेजने की व्यवस्था करवाई।पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जवानों को रायपुर रेफर किया गया है और सभी जवान खतरे से बाहर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *