पेड़ कटाई के विरोध में पर्यावरण प्रेमी संगठन का सांकेतिक प्रदर्शन
दुर्ग :- जनपद पंचायत पाटन के ग्राम बोरेन्दा से होकर गुजरने वाली नदी के किनारे पिचिंग पत्थर लगाने का कार्य जल संसाधन विभाग के द्वारा किया जा रहा है ।
कुछ ग्राम वासियों ने इसी संबंध में पर्यावरण प्रेमी संगठन के प्रांत अध्यक्ष आर डी दहिया को बताया कि पिचिंग पत्थर लगाए जाने के नाम पर ठेकेदार के द्वारा गुपचुप तरीके से सैकड़ो पेड़ों को काटने की तैयारी की जा रही है। उन पेड़ों को बचाने के लिए ग्राम वासियों ने पर्यावरण प्रेमी संगठन से गुहार लगाई।

इसी सिलसिले में आज पर्यावरण प्रेमी संगठन का तीन सदस्यी प्रतिनिधिमंडल आर डी दाहिया प्रांत अध्यक्ष , वेदव्यास मिश्रा रायपुर जिला अध्यक्ष और विद्याभूषण दुबे प्रांतीय प्रवक्ता के द्वारा ग्राम बोरेन्दा पहुचकर स्थल का निरीक्षण किया गया।
स्थल निरीक्षण के बाद दाहिया ने चर्चा में बताया कि यदि जल संसाधन विभाग और संबंधित ठेकेदार चाहे तो पिंचिंगवाल को थोड़ा सा मोड़ देकर सैकड़ो पेड़ों को कटने से बचा सकते हैं। उन्होंने निर्माण स्थल पर उपस्थित ठेकेदार के सुपरवाइजर से सौहार्द पूर्ण चर्चा करते हुए पेड़ों को नहीं काटने की भी अपील की । साथ ही उचित माध्यम से इसके लिए दुर्ग जिला प्रशासन, जल संसाधन विभाग और पर्यावरण मंत्रालय में आवश्यक पत्राचार करने की भी बात कही गई। इस अवसर पर सांकेतिक तौर पर पेड़ों को नहीं काटने के लिए नारेबाजी की गई ।
संगठन के रायपुर जिला अध्यक्ष वेदव्यास मिश्रा का कहना है कि आने वाले दिनों में इस संबंध में पर्यावरण मंत्री से भी मिलकर पेड़ों को काटने से बचाने की मांग की जाएगी।
श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि पर्यावरण प्रेमी संगठन विकास का बिल्कुल भी विरोधी नहीं है परंतु विकास के नाम पर बेवजह सैकड़ो पेड़ को बलि चढ़ाने का वह पुरजोर विरोध करते रहेंगे। संगठन के प्रांतीय प्रवक्ता विद्याभूषण के दुबे के अनुसार जरूरत पड़ने पर संगठन के द्वारा न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा । उन्होंने कहा कि पेड़ों को कटवाने में जिस किसी की भी भूमिका रहेगी उन सभी को न्यायालय में पार्टी बनाया जाएगा।
