केदार कश्यप मंत्री पद छोड़ अयोध्या में बैठकर बजाएं घंटा दीपक बैज



बालोद :- राम मंदिर बनने से कांग्रेसियों को तकलीफ होने संबंधी वनमंत्री केदार कश्यप के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केदार कश्यप इतने बड़े भक्त हैं, तो मंत्री पद छोड़कर अयोध्या चले जाएं और मंदिर में बैठकर घंटा बजाते रहें।
जिला मुख्यालय बालोद के जिला कांग्रेस कार्यालय बालोद में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक लेने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने उक्त टिप्पणी की। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेसियों ने दीपक बैज का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की और पूरे जोश के साथ चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा। इस दौरान डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, वीरेश ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, गुंडरदेही जनपद अध्यक्ष सुचित्रा साहू, रत्तीराम कोसमा, धीरज उपाध्याय, संजय चंद्राकर, शंभू साहू, अनिल यादव, कृष्णा दुबे, सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे। बाद में पत्रकारों से चर्चा में दीपक बैज ने कहा कि कांकेर लोकसभा सीट को आज कांकेर और बालोद में बैठक कर कार्यकर्ताओ से चर्चा की गई। पार्टी के लोगों में भारी उत्साह है। कांकेर लोकसभा सीट कांग्रेस जीतेगी। दीपक ने बैज कहा कि इस 2 माह में भाजपा सरकार के कामकाज को देखकर जनता में आक्रोश है। इसका फायदा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा। और हम छत्तीसगढ़ में पिछले लोकसभा की तुलना में ज्यादा सीटें जीतेंगे।

रमन के बयान पर पलटवार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने डॉ. रमन सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को सत्ता में आए लगभग दो माह होने जा रहे हैं, मगर उपलब्धि शून्य है। ऐसा कोई काम बता दे भाजपा कि सीधे जनता को लाभ मिल रहा हो। हमारी सरकार में 2 घंटे के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया गया और 2500 रुपये समर्थन मूल्य देने की घोषणा को पूरा किया गया था। 6 दिन के अंदर टाटा की जमीन वापस करने की घोषणा को भी पूरा किया था। भाजपा बता दे कि चुनाव में किए गए वादों में से कौन सा वादा पूरा हुआ है। हमारी कांग्रेस सरकार ने 5 साल ईमानदारी से काम किया। किसानों, स्कूली बच्चों, माता बहनों और बेरोजगारों को लाभ मिला। वहीं भाजपा की सरकार बनते ही किसान आत्महत्या कर रहे है। गैंगरेप जैसी घटनाएं हो रही हैं। बच्चे परेशान हैं। माता बहनें सुरक्षित नही हैं। यह सरकार पूरी तरह से बेलगाम हो चुकी है। हमारी सरकार ने 5 वर्ष में बेहतर काम किया था। गुंडरदेही में आयोजित रामचरित मानस ग्रंथ वितरण समारोह के दौरान मंच से अपने उद्बोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काम कम करते थे और बातें ज्यादा। वहीं हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोलते कम हैं, काम ज्यादा कर रहे हैं।

हम छ्ग में जलाएंगे 11 दीपक
वहीं मंत्री केदार कश्यप के बयान कि राम मंदिर बन रहा है तो कांग्रेसियों को तकलीफ हो रही है, पर टिप्पणी करते हुए दीपक बैज ने कहा कि किसी कांग्रेसी को प्रमाण पत्र बांटने का हक केदार कश्यप या किसी भी भाजपाई को नही है। हमारे दिल में आस्था है।दीपक बैज ने कहा कि भाजपा कह रही है कि वह 22 जनवरी को 5 दीपक जलाएंगे, लेकिन हम छत्तीसगढ़ में 11 दीपक जलाएंगे। 5 श्री राम के नाम का और 6 दिया माता कौशल्या के लिए। उनका इशारा राज्य की 11 लोकसभा सीटों की ओर था। श्री बैज ने कहा कि केदार कश्यप को तकलीफ हो रही है, तो वे खुद मंत्री पद छोड़ अयोध्या में जाकर बैठ जाएं और वहां घंटा बजाते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *