जबसे बनी है डबल इंजन की सरकार, छत्तीसगढ़ में मचा हाहाकार- दीपक बैज



जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व बस्तर के सांसद दीपक बैज ने संभाग मुख्यालय जगदलपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर केंद्र की मोदी व छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में बढ़ रही मंहगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह फेल हो चुकी है। 100 दिन में महंगाई कम करने का झांसा देकर जनता के प्रति जवाबदेही से मोदी सरकार ने मुंह मोड़ लिया है। भुखमरी के इंडेक्स पर भारत लगातार नीचे जा रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। 45 करोड़ युवा वर्ग केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते नौकरी की तलाश ही बंद कर चुके हैं बेरोजगारी ऐतिहासिक रूप से शिखर पर है। मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा चुकी है। जीडीपी लगातार गिर रहा है। देश पर कर्जभार तीन गुना बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 2014 की तुलना में 20 परसेंट कम होने के बावजूद डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं। मोदी सरकार का ध्यान सिर्फ पूंजीपतियों को मुनाफा देने पर केंद्रित है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को एमएसपी नही दे रही है। उल्टे अपने हक के लिए आंदोलनरत किसानों को कील की दीवार खड़ी कर उन्हें रोक रही है और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। 100 स्मार्ट सिटी बनाने का दम भरने सरकार अभी तक आवासहीनों को चिन्हाकित नही कर पाई है। मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। इसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

महतारी वंदन में छल क्यों?
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार ने महतारी वंदन योजना में सबको बराबर लाभ देने की बात कही थी। वह भी सिर्फ चुनावी जुमला निकला। प्रदेश की महिलाओं से साय सरकार ने धोखा किया है। जब योजना का लाभ सभी को मिलना था तो चुनाव पश्चात इस योजना में विभिन्न नियम व शर्ते क्यों लागू की गईं? दीपक बैज ने कहा कि मोदी व प्रदेश की साय सरकार आरक्षण पर मुहर लगाए और इसका लाभ सभी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण न होने देने की बात कहना सिर्फ चुनावी जुमला था। केंद्र सरकार जल्द ही इसका निजीकरण करने वाली है। यदि नहीं तो सरकार स्पष्ट जवाब दे। दीपक बैज ने कहा कि बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार आते ही शांति का माहौल भंग हो चुका है। महिलाओं, बहनों पर अत्याचार की घटना बढ़ रही है। बीजेपी राज आते ही शांत छत्तीसगढ़ अब अशांति की ओर बढ़ रहा है।

साधराम मामले पर चुप्पी क्यों
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आगे कहा कि बिरनपुर मामले पर साय सरकार जब सीबीआई जांच करवा रही है, तो साधराम यादव की हत्या की क्यों नहीं करवाती ? सिर्फ राजनीतिक फायदे देखने? उन्होंने कहा कि सरकार को साधराम यादव की हत्या की भी सीबीआई जांच अवश्य करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बैगा जनजाति के तीन व्यक्तियों की नृशंस हत्या पर भी पर्दा डालने का कार्य यह प्रदेश सरकार कर रही है। सिलेंडर फटने के नाम पर हुई मौत का हवाला देकर शासन प्रशासन इस हत्या को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। क्या छत्तीसगढ़ के आदिवासी मुख्यमंत्री होने के नाते इस नृशंस हत्या की जांच करवाएंगे? प्रेसवार्ता में शहर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलराम मौर्य,पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महापौर सफीरा साहू, सभापति कविता साहू, हनुमान द्विवेदी, अंगद प्रसाद त्रिपाठी, भुवन झा आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *