नारायणपुर के धुर नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के गांव मसपुर में खोला गया नया कैंप



जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में वहां के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षा बल ग्रामीणों की सुरक्षा और गांवों में विकास की धारा बहाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में 11 मार्च को नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ 135वीं वाहिनी द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र, ग्राम मसपुर में नया कैंप खोला गया।
अबूझमाड़ क्षेत्र का ग्राम मसपुर ओरछा ब्लॉक एवं कोहकामेटा तहसील के अंतर्गत आता है थाना सोनपुर थाना क्षेत्र में स्थित है। मसपुर में नया कैंप स्थापित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में काफी उत्साह एवं सुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मसपुर में नया कैंप खुल जाने से आसपास के गांवों में बिजली, सड़क, पानी, पुल, पुलिया, शिक्षा, चिकित्सा, मोबाईल नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा एवं नक्सल उन्मूलन अभियान में तेजी आएगी। सरकार की नियद नेल्ला नार योजना तथा केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं को प्राथमिकता में आस पास के पांच गांवों तक पहुंचाया जाएगा। कैंप स्थापना के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया भी मौके पर उपस्थित थे। नवीन कैंप स्थापना में नारायणपुर डीआरजी, बस्तर फॉईटर एवं बीएसएफ 135वीं वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *