किसानों को खुशहाल और समृद्ध बनाने का काम करेगी कांग्रेस की सरकार -बैज
जगदलपुर। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को उनकी उपज की पूरी कीमत मिले कांग्रेस इसका पूरा इंतजाम करेगी। किसानों को खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए कांग्रेस ईमानदार पहल करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने यह बात कही है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि देश की खुशहाली और समृद्धि का मार्ग खेतों से शुरू होता है। देश का अन्नदाता खुशहाल होगा तथा उसकी उपज की उसे पूरी कीमत मिलेगी तो देश के उद्योग व्यापार सभी में तरक्की होगी। इसीलिए कांग्रेस पार्टी ने किसानों के लिये किसान न्याय योजना की घोषणा की है। दीपक बैज ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसान कर्ज एवं जीएसटी से मुक्त होगा। एमएसपी को कानूनी दर्जा मिलेगा। किसान आर्थिक रूप से सक्षम होगा, खुशहाल होगा। बीते 10 वर्ष में मोदी सरकार ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने, उपज का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने जैसे वादों को पूरा नहीं किया। उल्टे किसानों को कमजोर एवं पूंजीपतियों का गुलाम बनाने के लिए तीन काले कृषि कानून लाए थे, जिसका कांग्रेस ने पुरजोर विरोध किया था। भाजपा की नीति में किसान की समृद्धि खुशहाली नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनने पर किसानों को जीएसटी मुक्त करने का गारंटी दी है। जीएसटी मुक्त होने से ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, एग्रो फर्टिलाइजर के दामों में भारी कमी आएगी। मोदी सरकार के पहले कांग्रेस की सरकार ने इन सब को टैक्स मुक्त रखा था। किसान जीएसटी मुक्त होगा तो उनको लागत मूल्य में भी राहत मिलेगी और किसानों की आर्थिक बचत होगी। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस किसानों की सुख समृद्धि के लिए 5 गारंटी देती है।
किसानों के लिए गारंटियां
दीपक बैज के मुताबिक कांग्रेस की सरकार बनने पर
एमएसपी को कानूनी दर्ज़ा दिया जाएगा। इसके लिए संसद में एक विशेष कानून पारित किया जाएगा। डॉ. एमएस स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार एमएसपी तय की जाएगी। किसानों के ऋण माफ करने और आवश्यक ऋण माफी की राशि निर्धारित करने के लिए एक स्थायी कृषि ऋण माफी आयोग की स्थापना की जाएगी। किसानों की फसलों का नुकसान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में गारंटीड भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को फिर से डिजाइन किया जाएगा। कांग्रेस कृषि उत्पादों के लिए एक आयात- निर्यात नीति लागू करेगी। नीति में किसानों के हितों की रक्षा और चिंताएं सर्वोपरि होंगी। यह स्थिर और पूर्वानुमान पर आधारित होने के साथ- साथ किसानों के हितों पर आधारित होगी।किसान जीएसटी मुक्त होंगे। कृषि में इस्तेमाल होने वाले यंत्रों और सामानों पर टैक्स से छूट के लिए जीएसटी व्यवस्था में संशोधन किया जाएगा।
