बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, मारे गए 12 नक्सली
जगदलपुर। बस्तर संभाग में बीजापुर जिले के गंगालूर इलाका अंतर्गत पीडिया में पुलिस व सुरक्षा जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह से मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ को 16 घंटे से भी ज्यादा समय गुजर चुका है, लेकिन दोनों ओर से समाचार लिखे जाने तक ताबड़तोड़ फायरिंग चल रही है। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को चारों ओर से घेर लिया है और उन पर जमकर गोलियां बरसाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि अब तक 12 नक्सली मारे जा चुके हैं। वहीं दो जवान भी घायल हुए हैं।
एक नक्सली संगठन के बड़े लीडरों की मौजूदगी की सूचना पर सुकमा, दंतेवाड़ा व बीजापुर के डीआरजी जवानों और 201 कोबरा बटालियन की संयुक्त पार्टी एंटी नक्सल आपरेशन के लिए भेजी गई थी। जवानों के साथ सुबह 6 बजे से मुठभेड़ चल रही है। अब तक 12 नक्सली मारे जाने की सूचना है।. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों के मारे जाने और उनके शव बरामद होने की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री श्री साय ने मुठभेड़ में शामिल जवानों और अधिकारियों को बधाई दी है।दक्षिण बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ फोर्स की आक्रमकता और बढ़ गई है। लगातार नक्सलियों के खिलाफ बड़े आपरेशन चलाए जा रहे है। इसमें जवानों को बड़ी सफलता भी मिल रही है।
मोर्चे पर डटे हैं 1000 जवान
पुलिस को एक सूचना मिली थी कि बीजापुर जिले के गंगालूर थानाक्षेत्र के पीडिया में बड़े नक्सली लीडर्स की मौजूदगी है। इस सूचना के बाद तीन जिलों की डीआरजी व कोबरा 210 के जवानों को आपरेशन के लिए भेजा गया। सुबह 6 बजे पहली मुठभेड़ हुई और अलग- अलग जगहों पर मुठभेड़ चल रही है। करीब एक हजार जवानों ने मोर्चा संभाल रखा है। सूत्रों की मानें तो 12 नक्सली मारे जा चुके हैं और उनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं। अब भी फायरिग चल रही है तथा नक्सलियों के मारे जाने का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इससे पहले पुलिस द्वारा सिर्फ एक संदेश दिया गया जिसमें मुठभेड़ का उल्लेख है। जब जवान वापस कैंप लौटेंगे तो पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
