दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने मंत्री कवासी लखमा के समक्ष थामा कांग्रेस पार्टी का हाथ
निर्दलीय प्रत्याशी अनिल सैंड्रा और शरद कुमार कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में करेंगे प्रचार
बीजापुर :- छत्तीसगढ़ के आबकारी एवं उद्योग मंत्री व बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी, ज़िला पंचायत बीजापुर के अध्यक्ष शंकर कुड़ियम एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भोपालपटनम के अध्यक्ष रमेश पामभोई के समक्ष बुधवार को भोपालपटनम के युवा नेता हरीश पामभोई एवं नगर पंचायत भोपालपटनम के दो निर्दलीय प्रत्याशी वार्ड नम्बर 15 के अनिल सैंड्रा और वार्ड नम्बर 01 के शरद कुमार ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को अपना अपना समर्थन देते हुए व कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति व क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी में प्रवेश कर लिया है। अब नगर पंचायत भोपालपटनम के निकाय चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अनिल सैंड्रा और शरद कुमार कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
हरीश पामभोई, अनिल सैंड्रा एवं शरद कुमार का मंत्री कवासी लखमा ने कांग्रेस पार्टी का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि “प्रदेश की भूपेश सरकार व कांग्रेस पार्टी लगातार किसानों, मज़दूरों, ग़रीबों, आदिवासियों एवं सभी समाजों के लिए काम कर रही है यही कारण है कि लोग कांग्रेस से दिन-प्रतिदिन जुड़ रहे है।”
