कोंटा थाना क्षेत्र में एक सक्रिय नक्सल गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिले में एक सक्रिय नक्सली को विस्फोटक एवं नक्सली पर्चे के साथ पकड़ा गया है।
सुकमा जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नक्सली की उपस्थित की सूचना पर 17 फरवरी को थाना कोंटा से जिला पुलिस एवं मुरलीगुड़ा कैंप से जी- 228 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ग्राम बेलपोच्चा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान ग्राम बेलपोच्चा के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुचाकी देवा पिता मुचाकी हुंगा उम्र 18 वर्ष जाति मुरिया ग्राम बेलपोच्चा थाना कोंटा जिला सुकमा बताया। उसने नक्सल संगठन मेहता आरपीसी में मिलिशिया सदस्य के पद पर कार्य करने की जानकारी दी। पकड़े गए नक्सली की निशानदेही पर पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से एक थैले में छुपाकर रखे गए 4 नग जिलेटिन राड, 4 नग इलेक्ट्रीक डेटोनेटर, करीब 1.5 मीटर कोर्डेक्स वायर एवं नक्सल पाम्पलेट बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी एवं बरामद सामग्री को थाना लाकर नक्सल रिकार्ड चेक करने पर उक्त आरोपी के विरूद्ध थाना कोंटा मे धारा 190 बीएनएस, 4 (क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, विधि विरूद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1967 की धारा 13, 23, 38, 39 के तहत पूर्व से प्रकरण पंजीबद्ध है। उपरोक्त प्रकरण में आरोपी मुचाकी देवा के विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। विदित हो कि गिरफतार नक्सली द्वारा 7 फ़रवरी को कोंटा- गोलापल्ली मार्ग के ग्राम बेलपोच्चा के पुलिया के पास सुरक्षा बलों को जान से मारने की मंशा से आईईडी बम लगाया गया था, जिसे सुरक्षाबलों द्वारा सूझबूझ सुरक्षित तरीके से बरामद कर सुरक्षा की दृष्टिकोण से निष्क्रिय किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *