भोपालपटनम नगर पंचायत में रिंकी कोरम अध्यक्ष और रवि बोरे बने उपाध्यक्ष
बीजापुर :- जिले के भोपालपटनम नगर पंचायत में बुधवार 5 जनवरी को नवनिर्वाचित पार्षदों का एसडीएम ने शपथ ग्रहण कराया, जिसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया गया । कांग्रेस के पार्षदों ने सर्वसम्मति से रिंकी कोरम को अध्यक्ष और रवि बोरे को उपाध्यक्ष चुना । भोपालपटनम नगर पंचायत के सभी 15 वार्डो में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करने में सफलता हासिल किया था, इस कारण यहां अध्यक्ष उपाध्यक्ष के पद को लेकर खींच तान की नौबत नही दिखी ।
भोपालपटनम नगर पंचायत में पहली बार कांग्रेस ने सभी 15 वार्डो में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया था । इस जीत के बाद से ही कांग्रेसियों में काफी उत्साह देखा जा रहा था । सभी 15 पार्षद पहली बार निर्वाचित होकर आए हैं और पार्टी हाई कमान के निर्देशों का पूरी ईमानदारी के साथ पालन कर रहे हैं । चूंकि भोपालपटनम नगर पंचायत में अध्यक्ष पद अजजा महिला के लिए आरक्षित था, जिस पर रिंकी कोरम पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है । वही जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए पिछड़े वर्ग से रवि बोरे को उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है ।
अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निर्वाचन कार्यक्रम में उपस्थित बस्तर विकास प्राधिकार के उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि हम भोपालपटनम की जनता का आभार मानते हैं, आपने कांग्रेस की भुपेश सरकार के प्रति विश्वास जताया इसके लिए हम हमेशा आपके ऋणी रहेंगे । भोपालपटनम नगर पंचायत की हर समस्या को एक एक करके दूर करने का प्रयास करेंगे इसके लिए आप नगरवासी निश्चिंत रहें, यहाँ की समस्या आपकी नही हमारी है । जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य लालू राठौर ने कहा कि भोपालपटनम की जनता ने हमारी पार्टी पर जिस तरह से भरोसा जताया है, उस पर हम खरा उतरेंगे । भोपालपटनम में ऐतिहासिक जीत के लिए चुनाव प्रभारी यशवंत राव सहित सभी पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह एक जुटता के साथ पार्टी को मजबूत बनाने और जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए कार्य करते रहना होगा ।
अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्वाचन के दौरान उपाध्यक्ष बस्तर विकास प्राधिकरण व क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी, भोपालपटनम नगर पंचायत चुनाव प्रभारी यशवर्धन राव, कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष लालू राठौर, अध्यक्ष जिला पंचायत शंकर कुडियम,कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य बसन्त ताटी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत कमलेश कारम, बस्तर विकास प्राधिकरण सदस्य नीना रावतिया, सांसद कामेश्वर गौतम, प्रतिनिधि वेणु गोपाल राव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनोरतिनिधि व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।
