केशकाल बाईपास को फोरलेन करने केंद्र सरकार ने दी 307.96 करोड़ की मंजूरी, सुगम होगा यातायात

जगदलपुर। डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ में विकास की गति को नई दिशा प्रदान की है। मोदी और विष्णुदेव साय सरकार ने “संगच्छध्वं संवदध्वं” मंत्र को चरितार्थ करते हुए हर क्षेत्र में सामूहिक विकास को बढ़ावा दिया है।
प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय परिवहन एवं सड़क मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (नया एनएच-30) पर 11.380 किलोमीटर लंबाई वाले केशकाल बाईपास को पेव्ड शोल्डर मानक के साथ 4-लेन में अपग्रेड करने के लिए 307.96 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी है।

यातायात हॉक सुगम और सुरक्षित
मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में यह निर्माण सहायक होगी। फोरलेन सड़क परियोजनाएं यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। केशकाल की यह चार लेन सड़क यातायात को सुगम सुव्यवस्थित बनाएगी और यात्रा के समय को कम करेगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देगी और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करेगी। इस सड़क के निर्माण से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और व्यापार और वाणिज्य को सुविधाजनक बनाएगी।

कनेक्टिविटी में होगा सुधार
मंत्री केदार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर 4-लेन केशकाल बाईपास के निर्माण से कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होगी। खासकर केशकाल घाट खंड के चुनौतीपूर्ण इलाके में बाईपास एक सुगम, भीड़भाड़ रहित मार्ग प्रदान करेगा, जिससे केशकाल घाट खंड में वर्तमान में अनुभव की जाने वाली यातायात बाधाओं को कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा इससे वाहनों की तेज और अधिक कुशल आवाजाही हो सकेगी। शहरी क्षेत्रों से भारी यातायात को हटाकर, बाईपास शहरी सड़कों पर भीड़भाड़ कम करने, प्रदूषण के स्तर और दुर्घटना के जोखिम को कम करने में मदद करेगा, जिससे शहर के भीतर पैदल चलने वालों और मोटर चालकों दोनों के लिए बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *