कामचोर कहने पर मार डाला अधेड़ को, आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र के ग्राम नकटी सेमरा में एक युवक ने अधेड़ को महज इसलिए डंडे से पीट पीटकर मार डाला क्योंकि अधेड़ उस युवक को कामचोरी के कारण ताने मारता था। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में 12 जून को ग्राम नकटी सेमरा के कोटवार ने मोबइल फोन से सूचना दी कि ग्राम नकटी सेमरा निवासी आसमन कश्यप पिता स्व चैतमन कश्यप उम्र 50 वर्ष को उसी के पड़ोस में रहने वाले महेश कश्यप पिता सुखदास कश्यप उम्र 32 वर्ष द्वारा बांस के डंडे से सिर पर मार मार कर हत्या कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में तत्काल टीम तैयार की गई। टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया तथा घटना स्थल के आसपास पड़े ईंट के टुकड़े, बांस के डंडे के टुकड़े, खून सनी मिट्टी, गमछा आदि को जप्त कर घटना के संबंध में गवाहों तथा प्रत्यक्षदर्शी के बयान दर्ज कर आरोपी महेश कश्यप पिता सुखदास कश्यप को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में महेश कश्यप ने अपराध घटित करना कबूल करते हुए बताया कि मृतक उसको कुछ काम न करने और घर में ही पड़े रहने की बात को लेकर आए दिन ताने मारता था। इससे वह बहुत ज्यादा नाराज था, कुछ दिन पहले भी वह उसे काम नहीं करने की बात को लेकर चिढ़ाया था। 12 जून को आसमन कश्यप अपने घर के बाहर बने पटा में सो रहा था। मौका पाकर महेश पास में पड़े ईंट के टुकड़े से उसे मारने लगा। आसमन ने अपने परिजनों को बुलाकर महेश को समझाने लगा तो महेश और भी उत्तेजित हो उठा, उसने अपने पास रखे बांस के मोटा डंडे से आसमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे मौके पर ही आसमन की मृत्यु हो गई। महेश ने घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे को पेश किया, जिसे जप्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायलय में पेश किया गया। हत्या की इस गुत् को सुलझाने में थी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित नेगी, प्रधान आरक्षक पवन श्रीवास्तव, प्रकाश मनहर, आरक्षक भैरव सिन्हा, राकेश मंडावी, प्रकाश नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
