धर्मांतरित आदिवासी महिला का शव दफनाने पर गांव में मच गया है बवाल

भानुप्रतापपुर। क्षेत्र में धर्मांतरित आदिवासी महिला के शव को गांव की सीमा में दफनाने पर बवाल हो गया है। विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को भानुप्रतापपुर आए और स्थानीय प्रशासन से शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शव निकालकर ईसाई कब्रिस्तान में न दफनाया गया तो वे स्वयं शव को बाहर निकालकर गांव की सरहद के बाहर फेंक देंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि मृत महिला और उसके परिवार के सदस्यों ने धर्मांतरण कर ईसाई धर्म अपना लिया है। जब महिला की मौत हुई तो बिना किसी को बताए ईसाई रीति-रिवाज से ही शव को दफना दिया गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार ग्राम कुडाल में धर्मांतरित आदिवासी महिला दुखबती दुग्गा की मृत्यु हो गई। जिसके बाद उसके पुत्र ईश्वर दुग्गा द्वारा कुड़ाल की सीमा में सोमवार को उसका शव दफना दिया गया। गांव के गायता, पटेल, मांझी व गांव वालों से पूछा तक नहीं गया। गुपचुप तरीके से शव को दफनाया गया। यह क्षेत्र पांचवी अनुसूची क्षेत्र है। यहां पेन रीति-नीति व पूजा चलती है। देवी-देवताओं को अपमानित कर बस्तर की संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका हम ग्रामवासी विरोध करते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित धर्मांतरित महिला का शव निकालकर उनके अधिकृत स्थान पर ले जाकर दफनाया जाए, नहीं तो ग्रामवासियों द्वारा शव को निकाल कर गांव की सरहद के बाहर फेंक दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ है। दरअसल यह मामला कांकेर जिले की ग्राम पंचायत कुडाल का है। यह आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर जबरदस्त बवाल चल रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण भानुप्रतापपुर में पहुंचकर एसडीएम कार्यालय और एसडीओपी कार्यालय तथा थाना में ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की मांग है कि शव को निकाल कर संबंधित धर्म के कब्रिस्तान में दफनाया जाए। हालांकि प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर इस विषय पर चर्चा की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव में तनाव की स्थित बनी हुई है। पुलिस ने गांव के प्रमुखों से कहा है कि गांव में किसी तरह से कोई बड़ी वारदात न हो जाए इसका विशेष ध्यान रखें। साथ ही कानून को अपने हाथ में न लेने की समझाइश भी दी गई है। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *