शिक्षा संयुक्त संचालक से अधिकारी कर्मचारियों ने की सौजन्य भेंट
जगदलपुर। बस्तर विकासखंड के शिक्षा विभाग के अधिकारियों और संकुल समन्वयकों ने संयुक्त संचालक शिक्षा राकेश पांडे से सौजन्य भेंट की। इस दौरान शिक्षकीय नवाचार, शाला संचालन की गुणवत्ता, निरीक्षण व्यवस्था और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री पांडे ने अधिकारियों और संकुल समन्वयकों को नियमित रूप से विद्यालयों का अवलोकन और शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारियों और शिक्षकों को अपने आचरण में शालीनता और समर्पण बनाए रखना चाहिए। श्री पांडे ने सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एक मजबूत टीम ही मजबूत शिक्षा व्यवस्था की नींव होती है। इस मुलाकात में बस्तर विकासखंड की बीईओ भारती देवांगन, एबीईओ सुशील तिवारी, बीआरसी अजंबर कोर्राम और ब्लॉक के सभी संकुल समन्वयक उपस्थित थे।
