बस्तर के बेहतर विकास के लिये संकल्पित है भाजपा प्रदेश सरकार – वेदप्रकाश पाण्डेय

जगदलपुर :- भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने नगरीय प्रशासन एवं विभाग द्वारा शहर के विकास व सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति होने पर प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री बस्तर जिला विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में बस्तर का विकास प्राथमिकता में हो रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव क्षेत्र के सर्वांगीण विकास व जगदलपुर शहर को संवारनें संकल्पित व निरंतर सक्रिय हैं। शहर के योजनाबद्ध विकास कार्यों के लिये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से पत्र लिखकर राशि की मांग की थी। बस्तर के तीव्र विकास व जगदलपुर को सुव्यवस्थित शहर का स्वरूप देने 50 करोड़ की राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई है। जो भाजपा प्रदेश सरकार द्वारा बस्तर की बेहतरी के लिये निरंतर किये जा रहे प्रयासों को बताता है। स्वीकृत 50 करोड़ की राशि से बहुप्रतीक्षित नालंदा परिसर सेंट्रल लायब्रेरी सह रीडिंग जोन 500 सीटर का निर्माण, मुक्तिधाम से पावर चौक, पंचपथ चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य, ऐतिहासिक दलपत सागर को संवारनें व संरक्षित करने का महती कार्य, बोधघाट थाने से कमिश्नर कार्यालय तक बीटी सड़क निर्माण आदि बडे़ काम साकार रूप पायेंगे।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विगत डेढ़ वर्ष में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव की सतत सक्रियता व अथक प्रयास से करोड़ों के कार्य शहर विकास के लिये शासन से स्वीकृत हुये हैं । जिसमें ज्योति नर्सरी से करकापाल व बोधघाट थाना तक साढ़े चार किमी सड़क का डामरीकरण कार्य 9 करोड़ 36 लाख की लागत से पूर्ण हो गया है। ऐसे ही परपा पुलिस आवासीय परिसर में 70 लाख की राशि से सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। धरमपुरा क्षेत्र में कैलाश होटल चौक से हनुमान मंदिर दलपत सागर तक 2.51 करोड़ राशि से सड़क निर्माण प्रगति पर है। अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक 5 किमी लंबी सड़क का चौडीकरण कार्य 27 करोड़ 91 लाख की लागत से आरंभ हो चुका है। बस्तर के विश्व प्रसिद्ध दशहरा पर्व में रथ चालन को सुगम बनाने भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का महती कार्य स्वीकृति पाया है। शहर हित में अनेकों कार्य सतत हो रहे हैं।भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि क्षेत्र वासियों की मांग के अनुरूप समस्त विकास के कार्य किये जायेंगे। प्रदेश सहित बस्तर के सतत विकास का संकल्प भाजपा प्रदेश सरकार पूरा करने की ओर निरंतर अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *