भोपालपटनम नगर पंचायत का निर्माण कार्य फिर विवादों में, आबंटित भवनों में आईं दरारें और सीपेज

मुरुगेश कुमार शेट्टी-
भोपालपटनम। नगर पंचायत भोपालपटनम एक बार फिर सुर्खियों में है।तालाब निर्माण की गड़बड़ी को लेकर मंडल भाजपा अध्यक्ष राकेश केतारप के आरोप, सांस्कृतिक भवन के सामने सीसी कांक्रीट से बेस व नाली निर्माण कार्य अधूरा होने के बाद एक और बड़ा मामला उजागर हुआ है। हाई स्कूल के सामने बने व्यावसायिक काम्प्लेक्स निर्माण में गड़बड़ी और गुणवत्ता की भारी कमी के आरोप लगे हैं।
नगर पंचायत द्वारा बनवाए गए कुल 17 शॉपिंग काम्प्लेक्सों में से केवल 2 की दुकानों को नीलामी के माध्यम से आबंटित किया गया है। इनमें से लाभार्थी दुर्गाराव ने बताया कि उसने नगर पंचायत में 5 लाख 10 हजार की राशि जमा की थी लेकिन अब तक उससे न तो एग्रीमेंट किया गया और न ही कोई दस्तावेज सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि भवनों की हालत बेहद खराब है दीवारों में दरारें, स्लैब से पानी टपकने और बेस धंसने लगा है। आसपास के हिस्सों में गड्ढे भी बन चुके हैं जिससे भवन की नींव पर खतरा मंडरा रहा है।

बिना बीम के ईंट जोड़ाई
सूत्रों के अनुसार भवन निर्माण में बिना उचित बीम के ईंटों की जोड़ाई की गई है, जो एक बड़ी तकनीकी लापरवाही है। इससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि उपयोग करने वालों की सुरक्षा का भी खतरा बना हुआ है। निर्माण को करीब 5 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन शेष 15 काम्प्लेक्स अभी भी ठेकेदार दीनू केला द्वारा नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं किए गए हैं। इन काम्प्लेक्सों की दीवारों में भी दरारें देखी जा रही हैं और स्लैब से पानी अंदर गिर रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है।

ठेकेदार पर इस कदर मेहरबानी!
पूर्व में भी नगर पंचायत में निविदा प्रक्रिया को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया था और यह टेंडर सीधे ठेकेदार दीनू केला को सौंपा गया था। जैसे ही इस गोपनीय टेंडर की जानकारी जिले के अन्य ठेकेदारों को मिली, उनमें आक्रोश फैल गया। भैरमगढ़ के ठेकेदार अजय सिंह समेत कई ठेकेदारों ने इसका विरोध किया और मीडिया के समक्ष आकर इसे निरस्त करवाया। हालांकि सूत्रों के अनुसार इस निरस्त टेंडर को बाद में फिर से उसी ठेकेदार दीनू केला को गोपनीय तरीके से दे दिया गया। बताया गया की ठेकेदार ने मंत्रालय स्तर पर ‘सेटिंग’ कर कार्य लाया गया।

बहुत कुछ कहती है ये चुप्पी
नगर पंचायत द्वारा इन पूरे मामलों पर चुप्पी साधे रखने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लगातार सामने आ रहे निर्माण से जुड़े घोटालों से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या नगर पंचायत जानबूझकर खास ठेकेदार को फायदा पहुंचा रही है? भोपालपटनम नगर पंचायत में निर्माण कार्यों से जुड़े एक के बाद एक खुलासे प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

मसला है बड़ा गंभीर
निर्माण में लापरवाही, गोपनीय टेंडर और मंत्रालय स्तर पर कथित सेटिंग जैसे आरोपों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अब आवश्यकता है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि जनता का भरोसा कायम रह सके।

जल्द कराएंगे मरम्मत
आपके द्वारा मामला मेरे संज्ञान में आया है यह सभी कार्य मेरे कार्यकाल का नहीं है इस पर मैं जिम्मेदारों से जानकारी लेकर बता पाऊंगा। जो भी मरम्मत होगा कराया जायेगा।

विकास पाटले,सीएमओ, नगर पंचायत भोपालपटनम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *