धरती आबा योजना पर जनपद पंचायत दरभा में कार्यशाला, दोस्त संस्था की पहल

लोहंडीगुड़ा। जनपद पंचायत दरभा के राजीव गांधी सेवा केंद्र में ‘दोस्त’ संस्था द्वारा धरती आबा योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया
कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई
‘दोस्त’ संस्था की पहल पर आयोजित इस प्रशिक्षण को संस्था के निदेशक पॉल कुमार नाग और मास्टर ट्रेनर सुशील नाग ने संचालित किया। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण समावेशी विकास के संदर्भ में धरती आबा योजना की गहन समझ विकसित करना, ग्राम स्तर पर योजना निर्माण की प्रक्रिया को मजबूत करना और विभिन्न योजनाओं का एकीकरण सुनिश्चित करना था।प्रतिभागियों को योजना के उद्देश्यों, चयन मानदंडों जैसे 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जनजाति जनसंख्या वाले गांव, पीवीटीजी क्षेत्र, आकांक्षी जिले और 18 मंत्रालयों की 25 योजनाओं के एकीकृत स्वरूप की जानकारी दी गई। विशेष सत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, आजीविका, जल जीवन मिशन, खाद्य सुरक्षा, कृषि व वानिकी जैसे क्षेत्रों के अधिकारियों ने ग्रामसभा आधारित कार्ययोजना बनाने, विभागीय समन्वय बढ़ाने और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। अंत में ग्राम पंचायतों ने अपने पंचायत स्तर पर प्राथमिकताओं की सूची प्रस्तुत की, जिसमें पोषण, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्कूल सुधार, सड़क संपर्क, स्वरोजगार, वन संसाधन उपयोग और जल संरक्षण जैसे मुद्दे शामिल थे। ‘दोस्त’ संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समापन हुआ। संस्था ने आश्वासन दिया कि वह आगे भी तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण और फॉलो-अप गतिविधियों में पंचायतों के साथ साझेदारी निभाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *