महाराष्ट्र पुलिस की सतर्कता से गांजा तस्करी नाकाम, पतागुडेम में कृष्णा ट्रैवल्स की बस से चार किलो गांजा बरामद

बीजापुर/ भोपालपटनम :- महाराष्ट्र की गढ़चिरोली जिले के सिरोंचा तहसील अंतर्गत पतागुडेम थाना क्षेत्र मंगेश कोठावले के नेतृत्व में बीती सोमवार की रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का खुलासा किया। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित पतागुडेम फॉरेस्ट नाका पर की गई, जहाँ देर रात लगभग 11:30 से 12:00 बजे के बीच एक यात्री बस की जांच के दौरान चार से पांच किलो गांजा बरामद किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा ट्रैवल्स की बस (क्रमांक CG 16 CS 9099) जो जगदलपुर से हैदराबाद जाती है उसे नियमित जांच के लिए पतागुडेम फॉरेस्ट नाका पर रोका गया। जब पुलिस ने बस की तलाशी ली तो बस के भीतर छिपाकर रखे गए लगभग 4-5 किलो गांजा बरामद किया गया। इस पर तत्परता दिखाते हुए पतागुडेम पुलिस ने मौके पर ही दो बस चालक रवि विश्वकर्मा – बीजापुर व वरुण सोढ़ी+ मद्देड़ और एक यात्री पीशु पूनेम – रानीबोदली को गिरफ्तार कर लिया। मादक पदार्थों की धारा 22(बी)तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ज्ञात हो कि महाराष्ट्र राज्य के गढ़चिरौली जिले में शराबबंदी लागू है, और गांजा जैसे मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की पैनी नजर रहती है। पतागुडेम गांव एक सीमा क्षेत्र में स्थित है, जहाँ इंद्रावती नदी महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ को अलग करती है। इस भौगोलिक स्थिति के कारण यह इलाका तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।

पुलिस ने जब्त बस को अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि यह तस्करी गिरोह interstate नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी पड़ताल के लिए संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में महाराष्ट्र पुलिस की सजगता और तत्परता की सराहना की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे मामलों में पुलिस की सतर्कता न केवल मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाती है, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *