करीब दो माह से नदारद है संधकरमरी हाई स्कूल की शिक्षिका

बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत संधकरमरी के शासकीय हाई स्कूल की एक शिक्षिका बीते करीब दो माह से नदारद है। इस शिक्षिका ने ज्वाइनिंग करके लौटने के बाद दोबारा स्कूल में कदम नहीं रखा है। शिक्षिका की इस गैर जिम्मेदारी पूर्ण हरकत से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। संधकरमरी की सरपंच जयमनी कश्यप ने बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल को आवेदन देकर शिक्षिका शांति देवांगन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी जगह संधकरमरी हाई स्कूल में जिम्मेदार शिक्षक या शिक्षिका की नियुक्ति करने की मांग की है।
संधकरमरी की सरपंच श्रीमती जयमनी कश्यप ने बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल को प्रेषित पत्र में जानकारी दी है कि बीते जुलाई माह में शिक्षिका शांति देवांगन की नियुक्ति शासकीय हाई स्कूल संधकरमरी में की गई थी। शिक्षिका शांति देवांगन ने 25 जुलाई को हाई स्कूल में ज्वाइनिंग की। इसके बाद मात्र दो दिन ही उन्होंने स्कूल में अध्यापन सेवा दी। फिर वे गईं तो वापस लौटकर स्कूल नहीं आईं हैं। यहां तक कि स्वतंत्रता दिवस के दिन भी शिक्षिका शांति देवांगन स्कूल से गायब रहीं। करीब दो माह होने को है और शिक्षिका शांति देवांगन का कोई अता पता नहीं है। न तो उन्होंने ग्राम पंचायत को कोई जानकारी दी है और न ही अपने हाई स्कूल के प्राचार्य को। सरपंच जयमनी कश्यप ने बताया कि इस स्कूल में वैसे भी शिक्षकों की कमी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सरपंच श्रीमती जयमनी कश्यप ने जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल से आग्रह किया है कि शिक्षिका शांति देवांगन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और संधकरमरी हाई स्कूल में योग्य शिक्षक शिक्षिकाओं की नियुक्ति की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *