शहर कोतवाल छुट्टी पर और चोर अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। कोतवाली थाना प्रभारी इन दिनों छुट्टी पर हैं और चोर अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रहे हैं। कोतवाली पुलिस सोती रही और चोर दुकानों में अपनी बाजीगरी दिखाकर रफूचक्कर हो गए। नगर के महत्वपूर्ण संजय मार्केट में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर चार दुकानों को निशाना बनाया। सेंधमारी कर छतों के रास्ते दुकानों में घुसे चोर नगद रुपए और सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। इन वरदातों को चोरों ने बड़े ही इत्मीनान से अंजाम दिया है।
बीती रात्रि चोरों ने संजय बाजार के 4 दुकानों में सेंधमारी कर लाखों का सामान और नगद रकम पर हाथ साफ कर दिया। बाजार में देवभोग सेंटर के प्रोपाइटर चौरसिया के अनुसार चोर उनकी दुकान के ऊपरी हिस्से में सेंध बनाकर अंदर घुसे और कुछ नगद रकम के साथ खाने पीने की चीजें उठा ले गए। चौरसिया की दुकान से लगी एक फल दुकान के अलावा दो अन्य दुकानों में भी चोरों ने चोरी को अंजाम दिया है। चोरों के काम करने के तरीके से लग रहा था है कि वे बिल्कुल भी जल्दबाजी में नहीं थे और बड़े आराम से सभी घटनाओं को अंजाम देते रहे।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना स्थलों के हालात बताते हैं कि चोरों ने बेफिक्र होकर बड़े ही इत्मीनान से इन वरदातों को अंजाम दिया है। चारों दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने और भाग निकलने में कम से कम ढाई तीन घंटे लगे होंगे। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें अगर ईमानदारी से गश्त लगा रही होतीं, तो चोर ऎसी हिमाकत कतई नहीं कर पाते। वहीं संजय बाजार के कई फुटकर व्यापारियों ने बताया कि संजय मार्केट के बगल में ही पुलिस चौकी भी है, किंतु वहां कोई आता जाता नहीं है। वीरान पड़ चुकी इस पुलिस चौकी का उपयोग अब असामाजिक तत्व करते हैं। पिछले कई माह में कई चोरियां इस बाजार में हो चुकी हैं, मगर एक भी वारदात का खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर पाई है।
साहब छुट्टी पर, चोर डाल रहे रेड
आज सुबह सुबह कुछ पत्रकार और गणमान्य नागरिक जब संजय बाजार के देवभोग टी स्टाल पर चाय की चुस्कियां लेने पहुंचे तो पता कि रात्रि में यहां चोरों ने बड़ी रेड मारी है। चोर करीब 40 हजार का सामान और नगदी लेकर चले गए हैं रेड शब्द का इस्तेमाल इसलिए किया गया है कि रात्रि प्रहर ही इसी बाजार में चोरों ने 4 जगह चोरी की है। फल वाले गुप्ता जी, सब्जी व्यवसायी बबली, और 2 महिला फुटकर विक्रेता के यहां भी चोरों ने अपनी आमद दी। बाजार के लोगों के अनुसार सभी चोर बाहर के नहीं, बल्कि बाजार के ही हैं और उनके चालचलन से स्थानीय पुलिस भी वाकिफ है। कई बार पत्रकारों के फोन करने पर एक सिपाही आया और जानकारी लेकर चला गया। सिपाही ने जाते जाते कहा कि देखते हैं, साहब क्या आदेश देते हैं? इस मामले में पत्रकारों ने कई बार कोतवाली प्रभारी को फोन लगाया, किंतु उन्होंने फोन नहीं उठाया। मौके पर पहुंचे सिपाही ने बताया कि साहब छुट्टी पर हैं और छुट्टी के दौरान वे फोन नहीं उठाते हैं।
