बस्तर संभाग में बेरोक टोक हो रही है आदिवासियों की जमीन की खरीदी बिक्री: विक्रम मंडावी
जगदलपुर। बस्तर संभाग में बड़े पैमाने पर चल रही आदिवासियों के जमीन की खरीदी बिक्री पर चिंता जाहिर करते हुए बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने राज्यपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने जमीनों की खरीदी बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।

बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने राज्यपाल को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि बस्तर संभाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और 5वीं अनुसूची में आता है, बस्तर संभाग में आदिवासी वर्ग के लोग आदिकाल से निवासरत हैं। वर्तमान में आदिवासियों के जमीनों कि खरीदी बिक्री बड़े पैमाने पर हो रही है। बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले नक्सल प्रभावित और अति संवेदनशील क्षेत्र हैं। इन जिलों में भूमाफिया उद्योगपति बड़े स्तर पर पैसे का लालच देकर आदिवासियों की जमीनों की खरीदी बिक्री कर लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं पैसों के लालच में आकर स्थानीय आदिवासी अपनी पुश्तैनी जमीनों को भूमाफियों को बेचने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यदि समय रहते उद्योगपति भूमाफियाओं को आदिवासियों की जमीन बिक्री करने से नही रोका गया तो आदिवासी समाज के लिए भविष्य में विकराल संकट उत्पन्न होगा और उन्हें दर दर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस कारण बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में आदिवासियों की जमीन की खरीदी बिक्री पर रोक लगाना आवश्यक है।
