खबर प्रकाशन के बाद जागा विभाग, जल जीवन मिशन में जीवन लौटने की उम्मीद



बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मैलबेड़ा में जल जीवन मिशन के आधे अधूरे कार्य को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नींद टूटी है। विभाग का ठेकेदार अधूरे कार्य को पूरा कराने में जुट गया है। अब जल जीवन मिशन में जीवन लौट आने की उम्मीद बढ़ गई है।
ग्राम पंचायत मैलबेड़ा में पेयजल संकट के समाधान हेतु बनाई गई पानी टंकी के संबंध में हमारे समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग और ठेकेदार पर दबाव बढ़ा, जिसके परिणामस्वरूप ठेकेदार ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्य को पुनः शुरू करवा दिया है। ग्रामवासियों ने बताया कि कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित थी, जिसके कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की जानकारी मीडिया में प्रकाशित होते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और ठेकेदार को तुरंत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। आज सुबह से ही टंकी की व्यवस्था एवं संबंधित निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में राहत देखी गई। स्थानीय लोगों ने हमारे समाचार पत्र के इस सकारात्मक हस्तक्षेप के लिए आभार जताते हुए कहा कि मीडिया की आवाज उठाने से ही समस्या पर शीघ्र कार्रवाई संभव हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *