झारउमरगांव में गर्भवती महिला की निर्मम हत्या



बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत झारउमर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां पुलमति नाम की एक गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना ने गांव में भय और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका पुलमति की एक 2 साल की छोटी बच्ची है और वह करीब 8 महीने की गर्भवती भी थी। ऐसे में इस जघन्य घटना ने मानवता को भी झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर में थी, तभी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला के बिस्तर के पास से एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कुल्हाड़ी से वार कर महिला की हत्या की गई होगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में डबल मर्डर की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *