संगमपल्ली में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव पर ग्रामीणों का विरोध
बीजापुर। भोपालपटनम विकासखंड के संगमपल्ली गांव एवं ग्राम पंचायत में प्रस्तावित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए इस प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव द्वारा ग्राम सभा आयोजित किए बिना ही शराब दुकान खोलने के लिए फर्जी प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण निर्णय में ग्रामवासियों की सहमति नहीं ली गई, जो पंचायत व्यवस्था और नियमों के खिलाफ है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गांव में शराब दुकान खुलने से शराबखोरी बढ़ेगी, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत क्षेत्र और जमीन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी स्थिति में शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों में उप सरपंच सरस्वती सोढ़ी, वल्वा किशन, वल्वा विनोदा, सोढ़ी गौरैया, गणपत, वल्वा बकैया, पूर्व सरपंच सुनील उद्दे सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल रहे।
