“वी रिंग द बेल” अभियान ने मचाई धूम



जगदलपुर बस्तर दिव्यांग सेवा समिति मनोविकास विशेष विद्यालय एवं छात्रावास अघनपुर, धरमपुरा जगदलपुर एवं जन विकास समिति वाराणसी के सहयोग मार्गदर्शन में स्थानीय विद्या ज्योति स्कूल और शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला अघनपुरnजगदलपुर में आज “वी रिंग द बेल अभियान – 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के 1500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक, शिक्षिकाओं ने एक साथ घंटी, ताली और सीटी बजाकर दिव्यांग बच्चों के शिक्षा के अधिकार का समर्थन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व मनोविकास विशेष विद्यालय की प्राचार्या प्रेमशिला टोप्पो और सीबीआर सलाहकार चुम्मन सिंह ठाकुर ने किया। प्रातः 7:30 बजे पूरे विद्यालय प्रांगण में सभी बच्चे एकत्र हुए। सीबीआर सलाहकार श्री चुम्मन सिंह ठाकुर ने मंच से संबोधित करते हुए कहा- ये घंटी उन दोस्तों के लिए है जो देख नहीं सकते, सुन नहीं सकते, फिर भी पढ़ना चाहते हैं। हमारा स्कूल हर बच्चे के लिए है। इसके बाद पूरे प्रांगण में 1 मिनट तक लगातार घंटी और तालियों की गूंज सुनाई दी। तत्पश्चात सभी छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर शपथ ली कि हम अपने स्कूल को सभी बच्चों के लिए सुलभ बनाएंगे। हम दिव्यांग साथियों की मदद करेंगे और कमी नहीं, काबिलियत देखेंगे। विद्या ज्योति स्कूल के प्राचार्य एंटोनी के. वी. ने इस अवसर पर कहा कि चुम्मन सिंह ठाकुर और सभी बच्चों ने आज जो पहल की है, वह सराहनीय है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को जागरूक करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने हाथों में “हर बच्चे का स्कूल में स्वागत” और “वी रिंग द बेल” लिखे पोस्टर ले रखे थे। यह अभियान लिलियन फॉन्ड्स और यूनेस्को द्वारा समर्थित वैश्विक मुहिम का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *