उप मुख्यमंत्री साव ने जल अर्पण कर दिया जल संरक्षण का संदेश
जगदलपुर। उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने शनिवार को बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दुगनपाल में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में शामिल होकर जल संरक्षण और पेयजल प्रबंधन का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति स्थिति की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने गांव में स्थापित स्टैंड पोस्ट पर मौली धागा बांधकर जल अर्पण किया और जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और इसके लिए जनसहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत परिसर में वृक्षारोपण भी किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि “पेड़ों से ही जल का संरक्षण संभव है। जहां हरियाली होगी, वहां जल स्रोत भी सुरक्षित रहेंगे।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई और कहा कि गांवों में डबरी, तालाब तथा अन्य जल संरचनाओं का निर्माण कर वर्षा जल का संग्रह किया जाए। इससे भूजल स्तर में वृद्धि होगी और भविष्य में पेयजल संकट की संभावना कम होगी। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी जल जीवन मिशन के तहत गांव में मिल रही पेयजल सुविधा पर अपने अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके। इस मौके पर महापौर जगदलपुर नगर निगम संजय पांडेय एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर आकाश छिकारा, प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी केके मरकाम, अतिरिक्त मिशन संचालक जल जीवन मिशन ओंकेश चंद्रवंशी, अधीक्षण अभियंता कैलाश मंडरिया, कार्यपालन अभियंता एचएस मरकाम और अन्य अधिकारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
