शहर की बेहतरीन सड़कों में शुमार होगा नयापारा का निर्माणाधीन मार्ग: आलोक अवस्थी
जगदलपुर। मोतीलाल नेहरू वार्ड के पार्षद एवं भाजपा के जिला प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा है कि उनके वार्ड में निर्माणाधीन सड़क नगर की सबसे बेहतरीन सड़कों में शुमार होगी। उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी है कि जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि बुधवार को मोतीलाल नेहरू वार्ड में निर्माणाधीन नयापारा मुख्य मार्ग को लेकर कांग्रेसी मित्र राजनीतिक विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। हमारे वार्ड में धरना प्रदर्शन करने पधारे कांग्रेसी मित्रों का शिष्टाचार स्वरूप स्वागत किया और उनके धरना प्रदर्शन के बीच पहुंच कर उनसे बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति,साफ नीयत और ठोस निर्णय के साथ नयापारा मुख्य मार्ग का योजनाबद्ध रूप से चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। बस्तर हाई स्कूल व छात्रावास की बाउंड्री वाल को पीछे कर सड़क की चौड़ाई बढ़ानी है। उस मार्ग में स्थित दो वाटर पंप हाउस को किनारे शिफ्ट करने व नई पाईप लाईन बिछाने की तकनीकी परेशानी दूर की जा रही है। नयापारा मुख्य मार्ग का योजनाबद्ध चौड़ीकरण कार्य तेजी से विस्तार पाते शहर और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कराया जा रहा है। विगत आठ वर्षों से इस महती कार्य के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा था। क्षेत्रीय विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सार्थक पहल से नयापारा मुख्य मार्ग चौड़ीकरण कार्य उपरांत भव्य रूप पाएगा। जिसमें ड्रेन टू ड्रेन 10 मीटर की सड़क और दोनों ओर 1-1 मीटर चौड़ी नाली का निर्माण होना है। जनहित एवं शहर हित में किए जा रहे अच्छे कार्य में सभी को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
