नगर के अंदर भालुओं की चहलकदमी जारी, दहशत में लोग



-अर्जुन झा-
दल्ली राजहरा लौह अयस्क नगरी दल्ली राजहरा में भालुओं की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। जंगली भालू लगातार नगर के रिहायशी क्षेत्रों में विचरण करते देखे जा रहे हैं। आलम यह है कि भालू अब दिन के उजाले में भी शहर में दस्तक देने लगे हैं।
कल रविवार की बात है जब दल्ली मांइस के बॉटम इलाके, कैंटीन और पीसीसीएफ क्षेत्र के आसपास दिन के समय भालू सड़क पर चहल कदमी करता नजर आया। आसपास मौजूद लोग राहगीरों को अलर्ट करते रहे कि रास्ते में भालू है आगे मत बढ़ो। इतना सब होने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी इस ओर जरा भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में अगर नागरिकों ने आत्मरक्षा के लिए भालुओं पर हमला कर दिया तो वन विभाग के अधिकारी कोहराम मचा डालेंगे।पिछले कई हफ्तों से दल्ली रजहरा के नागरिक दहशत के साये में जी रहे हैं। लोगों की नींद उड़ी हुई और वन विभाग के अधिकारी एसी की शीतल हवाओं के बीच चैन की नींद सो रहे हैं। उन्हें नागरिकों की जान की जरा भी परवाह नहीं हैं। ये भालू कभी भी नागरिकों रात में सफर करने वाले लोगों और पालतू मवेशियों पर हमला कर सकते हैं। बावजूद वन विभाग को लोगों की जान की जरा भी फिक्र नहीं है। विभाग ने भालुओं को खदेड़ने के लिए न रात्रि गश्त का इंतजाम किया है और न ही कोई जरूरी उपाय किए हैं। जबकि बीएसपी प्रबंधन ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए पूर्व के प्रभावित क्षेत्रों में दूधिया रौशनी की व्यवस्था की है। नगर के वार्ड क्रमांक 2 एवं वार्ड क्रमांक 5 में भालुओं का आतंक पिछले कई हफ्तों से मचा हुआ है। जंगल क्षेत्र से लगा होने के कारण इन दोनों वार्डों में शाम को अंधेरा घिरते ही जंगली भालू घुस आते हैं। संभवतः पानी और भोजन की तलाश में भालू यहां धमक रहे हैं। मामले की शिकायत स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा वन विभाग एवं बीएसपी प्रबंधन से की गई थी। इस मसले पर वन विभाग के अधिकारियों तो जरा भी ध्यान नहीं दिया, मगर बीएसपी प्रबंधन ने अपने दायित्व पर अमल करते हुए भालू प्रभावित क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता और तेज रौशनी बिखेरने वाली 10 फ्लड लाइट लगवाई हैं। भालू जंगल से लगे दोनों वार्डो में अंधेरा होने के कारण घुस जाते हैं। बीएसपी के इलेक्ट्रिकल विभाग के सहायक महाप्रबंधक एसपी सिंग ने बताया कि जन सुरक्षा सेल की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भालू प्रभावित क्षेत्र वार्ड 2 और 5 में जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उच्च गुणवत्ता वाली फ्लड लाइटें लगाई गई हैं। फ्लड लाइटें 256 दफाई चौक, माइंस क्षेत्र के प्रवेश द्वार के पास, शिकारी बाबा मंदिर परिसर, शीतला माता मंदिर के आसपास, शिकारी बाबा मंच के पास, शंकर तालाब के पास, चट्टा दफाई के पास, पंडर दल्ली पंप हाऊस के पास एवं आगे की बस्ती को फोकस कर लगाई गईं हैं। इन लाइटों की तेज रोशनी से भालुओं में डर व्याप्त होगा। मगर ये भालू तो बड़े शातिर निकले। वे अपने पुराने सैरगाह इलाके को छोड़कर दीगर इलाकों में पहुंचने लगे हैं। यह एक बड़े खतरे का संकेत है और इससे निपटने के लिए वन विभाग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *