प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों में बदला भारत, बदली छत्तीसगढ़ और बस्तर की तस्वीर: मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के इतिहास में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज हुए हैं। इन वर्षों में जहां भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है, वहीं छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर जैसे जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई गाथा लिखी गई है।
बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का जो संकल्प लिया था, वह आज धरातल पर दिखाई दे रहा है। देश के करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान, निःशुल्क राशन, शुद्ध पेयजल, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर सरकार ने विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। डिजिटल क्रांति, आधुनिक बुनियादी ढांचे, आत्मनिर्भर भारत अभियान, वंदे भारत ट्रेनों, एक्सप्रेस-वे, नए हवाई अड्डों और रिकॉर्ड राजमार्ग निर्माण ने देश को नई दिशा दी है। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी भारत ने दुनिया को नेतृत्व प्रदान करते हुए करोड़ों लोगों की जान बचाने का कार्य किया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ छत्तीसगढ़ के गरीब, किसान, महिला और जनजातीय परिवारों को मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, वनधन विकास केंद्र, एकलव्य विद्यालय और जनजातीय विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
बनी बस्तर की नई पहचान
बस्तर का उल्लेख करते हुए बस्तर के माटी पुत्र वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि एक समय जो क्षेत्र विकास से वंचित माना जाता था, आज वही क्षेत्र विकास की नई पहचान बन रहा है। बस्तर में सड़कों का विस्तार, दूरस्थ क्षेत्रों तक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, जनजातीय युवाओं के लिए नए अवसर, वनोपजों को बेहतर मूल्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली योजनाएं मोदी सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में 500 से अधिक मोबाइल टावरों की स्वीकृति, हजारों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था, वनोपज आधारित रोजगार, तेन्दूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णय तथा अबूझमाड़ जैसे क्षेत्रों तक विकास पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार ने बस्तर को विकास की मुख्यधारा में लाने का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है।
बस्तर ओलंपिक का जिक्र
वनमंत्री श्री कश्यप ने कहा कि आज बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक और जनजातीय खेलों जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हुए व्यापक विकास ने लोगों के मन में विश्वास का वातावरण निर्मित किया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष केवल सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं हैं, बल्कि करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की प्रेरणादायक कहानी हैं। विकसित भारत के संकल्प के साथ देश नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और इस परिवर्तन यात्रा में छत्तीसगढ़ तथा बस्तर की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री रामू नेताम सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
