नवप्रवेशी बच्चों का स्कूल में हुआ भव्य स्वागत
जगदलपुर। सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 जगदलपुर में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेशोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम के अतिथि एसएमडीसी अध्यक्ष प्रकाश झा, पार्षद लक्ष्मण झा, रुक्मणी यादव, गायत्री कश्यप एवं माधवी मंडल तथा अभिलाष यादव रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प देकर स्वागत किया गया। साथ ही छात्रों को गणवेश एवं पुस्तकों का भी वितरण किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। प्रकाश झा ने बच्चों को प्रथम दिवस से ही मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। लक्ष्मण झा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता बनाए रखने एवं विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। व्याख्याता जी. सुभद्रा राव ने कार्यक्रम का संचालन किया। व्याख्याता रज्जी वर्गीस ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सदव्यवहार एवं अच्छे आचरण के महत्व से अवगत कराया। वहीं प्रभारी प्राचार्य राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, समय का सदुपयोग करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की सीख दी। व्याख्याता मीरा हिरवानी ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
