शिकायतों के आधार पर शिक्षिका सस्पेंड
जगदलपुर। नया शिक्षण सत्र शुरू होते ही बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल और बस्तर की विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन की शिक्षण व्यवस्था के प्रति गंभीरता नजर आने लगी है।इसी के तहत लापरवाह शिक्षक शिक्षिकाओं पर गाज गिरना शुरू हो गई है। इसी क्रम में बस्तर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कोलचूर की एलबी संवर्ग सहायक शिक्षिका सीमा मेश्राम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने शिक्षिका सीमा मेश्राम के खिलाफ कर्तव्य में लापरवाही बरतने, पालकों से अभद्रता करने जैसी गंभीर शिकायतें बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन के समक्ष की थी। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर डीईओ श्री बघेल शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बस्तर निर्धारित किया गया है।
