सरस्वती साइकिल योजना के तहत दस स्कूली छात्राओं को बांटी गई मुफ्त में साइकिल
बारसूर :- भैरमगढ़ ब्लॉक के शासकीय हाईस्कूल बेंगलूर में सरस्वती साईकिल योजना के तहत स्कूली बालिकाओं को मुफ्त में साईकिल बांटी गई. संस्था में नामांकित कुल 10 बालिकाएं शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित हुईं. बेंगलूर पंचायत के उप सरपंच ललित कश्यप ने गाँव के बड़े – बुजुर्गों की उपस्थिति में एक सादे समारोह में गाँव की बेटियों को नई सायकिल की चाबी सौंपी गई. इस मौके पर उप सरपंच ललित ने कहा कि सायकिल मिलने से अब बालिकाओं को स्कूल आने में सहूलियत होगी. यही नहीं समय की भी बचत होगी, जिसका पढा़ई में सदुपयोग होगा. उन्होंने शासन की इस योजना की तारीफ की और बालिकाओं को पढ़ – लिखकर अपने माता- पिता और गांव का नाम रोशन करने की समझाईश दी. मौके पर मौजूद संस्था के प्रभारी प्राचार्य देवानन्द को सरस्वती साईकिल योजना की तरह बालिकाओं के लिए शासन की ओर से लागू अन्य योजना का लाभ दिलाने तथा उनके कैरियर गाइडेंस पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया. हाईस्कूल बेंगलूर की बालिकाओं ने स्कूल आने – जाने के लिए मुफ्त में नई साईकिल मिलने पर खूशी जाहिर की.
ज्ञात हो कि डा. रमन सिंह के कार्यकाल में पूर्व के भाजपा शासन की ओर से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने राज्य में सरस्वती साईकिल योजना लागू की गई थी. इसको वर्तमान की भूपेश बघेल सरकार ने भी जारी रखा है. अमूमन सरकार बदलने के बाद या तो पूर्ववर्ती सरकार की योजना को मौजूदा सरकारें बंद कर देतीं हैं या फिर फेरबदल किया जाता है. लेकिन योजना की महत्ता को धयान में रखते हुए कांग्रेस सरकार भी भाजपा शासन की योजना का क्रियान्वयन करने को मजबूर हो गई है.
