योग प्रशिक्षकों ने रक्तदान कर दिया संवेदनशीलता का परिचय

बीजापुर। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए बीजापुर जिले के योग प्रशिक्षकों ने समय पर रक्तदान कर एक जरूरतमंद मरीज की सहायता की और समाज के सामने सेवा एवं संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल बीजापुर में एक मरीज के पैर का ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन से पहले मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। मरीज के परिजनों ने सहायता के लिए जिले के योग प्रशिक्षकों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही योग प्रशिक्षकों ने बिना किसी विलंब के मानवीय दायित्व निभाते हुए जिला अस्पताल पहुंचकर जिला रेडक्रॉस सोसायटी जिला संघ बीजापुर के जिला संगठक / राज्य प्रतिनिधि श्री नरवेद सिंह जी के मार्गदर्शन एंव रेडक्राँस सोसायटी के बेनर तले रक्तदान किया, जिससे मरीज का समय पर ऑपरेशन संभव हो सका। समय पर उपलब्ध रक्त ने मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और परिजनों ने योग प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का भी संदेश देता है। जिस प्रकार नियमित योग करने से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनता है, उसी प्रकार रक्तदान करके किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का अवसर भी प्राप्त होता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के लेब टेक्नोलाजिस्ट ब्लड बैंक मुकेश पटेल ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है और इससे शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। रक्तदान के बाद शरीर कुछ ही समय में रक्त की कमी की पूर्ति कर लेता है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करने में सहायक बन सकता है। दुर्घटना, बड़ी सर्जरी, प्रसव, थैलेसीमिया, कैंसर तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान किसी वरदान से कम नहीं है।

रक्तदान करते समय उपस्थित रहे योग प्रशिक्षक नंदकिशोर राणा, सुरेंद्र नाईक, फूलचंद नानमाद्री, अर्जुन वेको, रमेश फूलमाद्री, अनीता मद्देड, सावित्री रामटेके, एवं गजेंद्र नानमाद्री योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *