स्थानीय भर्ती सभी विभागों में लागू हो, केवल बस्तर फाइटर्स तक सीमित न रहे: /लखेश्वर कश्यप
बस्तर। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह सराहनीय पहल है, लेकिन स्थानीय भर्ती की व्यवस्था केवल एक विभाग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सरकार से सभी शासकीय विभागों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
लखेश्वर कश्यप ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान बस्तर के युवाओं से स्थानीय भर्ती को लेकर कई महत्वपूर्ण वादे किए गए थे। वर्तमान में बस्तर का शिक्षित युवा बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, पंचायत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पुलिस सहित अन्य सभी विभागों में स्थानीय युवाओं के लिए प्राथमिकता सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा क्षेत्र की भाषा, संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और सामाजिक आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में स्थानीय युवाओं की नियुक्ति से शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा, प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग ने राज्य सरकार से मांग की है कि बस्तर संभाग के लिए एक व्यापक स्थानीय भर्ती नीति लागू कर सभी शासकीय विभागों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का स्पष्ट प्रावधान किया जाए। संगठन का कहना है कि इससे युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और बस्तर के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।
