ग्रामीणों ने सरपंच के साथ मिलकर बनाया ग्राम विकास का रोड मैप
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी में 30 जुलाई को जीपीडीपी ग्राम पंचायत विकास योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा बैठक का आयोजन ग्राम पंचायत भवन कोसमी में किया गया। बैठक की अध्यक्षता सरपंच नीलम कुमार कश्यप ने की।
बैठक में ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों और वार्डों के विकास कार्यों, समस्याओं और आगामी वर्ष की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में जीपीडीपी 2026-27 के अंतर्गत गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता से लिया गया। गांव में चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इस पर विशेष जोर दिया गया। स्वच्छता, वृक्षारोपण और नशामुक्ति अभियान पर भी चर्चा हुई। इस ग्राम सभा में ग्राम के वार्ड पंच, गणमान्य नागरिक, सियान-सजन, सचिव एवं ग्राम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने गांव की समस्याओं और सुझावों को बैठक में रखा। सरपंच नीलम कुमार कश्यप ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए सभी लोग एकजुट होकर सहयोग करें।
