बस और ट्रक में जोरदार टक्कर, दोनों चालकों सहित दर्जनभर लोग घायल



जगदलपुर रायपुर- जगदलपुर नेशनल हाईवे पर आज सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यात्री बस और ट्रक की आमने सामने की भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालकों सहित दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
हादसा बोरगांव पुलिस कैंप से कुछ दूर मानकू राम मंडावी के खेत के पास हुआ। रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस और जगदलपुर से रायपुर की ओर से जा रहे ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीडी 9551 के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर ही घूम गए। दुर्घटना में ट्रक और बस दोनों के चालक अपने-अपने केबिन में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस हादसे में दोनों चालकों सहित एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। मौके पर पहुंची फरसगांव पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *