हरेली पण्डुम पर गोंड समाज के नव निर्मित भवन का लोकार्पण संपन्न

बीजापुर। प्रकृति, पर्यावरण और कृषि के प्रथम पर्व हरेली पण्डुम के अवसर पर गोंड समाज के नव निर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी शामिल हुए। अतिथियों के स्वागत के पश्चात पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कृषि औजारों की पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद विधायक विक्रम मंडावी ने भवन का लोकार्पण किया। तत्पश्चात पुरखा देवों की अर्जी कर समाज की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की गई।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने गोंड सामाजिक भवन के निर्माण पर समाज को बधाई देते हुए कहा कि यह भवन नियमित बैठकों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए समन्वय आवश्यक है तथा अंतिम व्यक्ति को साथ लेकर चलना होगा। समाज की पहचान उसकी एकता और संगठन से होती है, इसलिए सभी को समाज की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
गोंड समाज अध्यक्ष कामेश्वर दुब्बा ने कहा कि समाज के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। नव निर्मित सामाजिक भवन सामाजिक भाईचारा, एकता और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का कार्य करेगा।
सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित नरेटी ने प्रकृति, पर्यावरण और आदिवासी समुदाय की सामूहिकता तथा वैज्ञानिक जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरेली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आदर और सामूहिक जीवन शैली का प्रतीक है। उन्होंने इस परंपरा और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
गोंडवाना समन्वय समिति के अध्यक्ष अमित कोरसा ने कहा कि जिले के सभी आदिवासी समाज न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में एकजुट होकर भागीदारी निभा रहे हैं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और समाज के हितों के लिए भी संगठित होकर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह को कमलेश कारम, नीना रावतिया उद्दे एवं अशोक तलांडी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में समाज प्रमुखों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *