बस्तर संभाग के 71 खिलाड़ी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयनित

बीजापुर – जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संभागीय शालेय खेल कैलेंडर के आधार पर 11 अगस्त को बीजापुर में बैडमिंटन, तैराकी एवं वाटरपोलो की संभागीय चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सात जिलों में से छह जिलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जिला बीजापुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं सहित व्यायाम शिक्षक, कोच, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में कुल 232 प्रतिभागी एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इनमें 105 बालक, 78 बालिकाएं तथा 49 व्यायाम शिक्षक, कोच, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया गया। बैडमिंटन में 30, वाटरपोलो में 12 तथा तैराकी में 29 खिलाड़ी चयनित हुए। इस प्रकार कुल 71 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पाण्डेय ने सभी चयनित खिलाड़ियों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जिले एवं बस्तर संभाग का नाम रोशन करें।
संभागीय चयन प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। 71 खिलाड़ियों के चयन से बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *