जहां बरसती थीं गोलियां, वहां शांति और राष्ट्र प्रथम का संदेश लेकर पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। बस्तर की धरती पर राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में निकली भव्य बाइक तिरंगा यात्रा बारसूर पहुंची। यात्रा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री केदार कश्यप युवाओं के साथ खुद भी बाइक चलाते आगे बढ़ते रहे।. उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा वीर शहीदों के सम्मान का संदेश दिया। यात्रा के बारसूर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर आज परिवर्तन के ऐतिहासिक दौर से गुजर रहा है। कभी हिंसा और भय की चर्चा से जुड़ा यह क्षेत्र अब शांति, विकास, विश्वास और राष्ट्रभक्ति की नई पहचान स्थापित कर रहा है। बस्तर का युवा तिरंगा हाथ में लेकर विकसित और समृद्ध बस्तर के निर्माण के लिए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में बस्तर में शांति एवं विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि बस्तर के अंतिम छोर तक विकास पहुंचे और यहां के युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।

बदलाव की बयार: शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में आज बदलाव की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। जिस धरती ने लंबे समय तक हिंसा और नक्सलवाद का दंश झेला, आज उसी धरती पर युवा हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और शांति का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बस्तर में निकली यह तिरंगा यात्रा जन-जन को राष्ट्रभाव से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में हम नक्सलवाद मुक्त, विकसित और समृद्ध बस्तर के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।बारसूर पहुंची बाइक तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगे के साथ यात्रा का अभिनंदन किया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
