देशभक्ति के रंग में रंगा धाकड़ समाज, हेम सिंह ठाकुर ने दिया एकता और जागरूकता का संदेश
जगदलपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धाकड़ समाज कल्याण समिति जिला बस्तर, पंजीयन क्रमांक 10281 द्वारा बिरिंगपाल स्थित सामाजिक भवन निर्माण स्थल पर राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। झमाझम बारिश के बावजूद समाजजनों का उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष बिरिंगपाल हेम सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।समाजजनों ने देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि देश की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारियों को भी याद दिलाता है। उन्होंने समाजजनों से शिक्षा, एकता, जागरूकता और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
बारिश के बीच किया पौधरोपण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान धाकड़ समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामाजिक भवन निर्माण स्थल पर वृक्षारोपण भी किया। समाजजनों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। झमाझम बारिश के बीच भी सभी ने उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय पर्व में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना से सराबोर रहा।
धाकड़ समाज कल्याण समिति द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक एकता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
