नगर निगम जगदलपुर में महापौर संजय पांडे ने किया ध्वजारोहण, एकता-अखंडता का लिया संकल्प
जगदलपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम जगदलपुर परिसर में महापौर संजय पांडे ने राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमामयी शुरुआत की। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्यगण, समस्त पार्षदगण तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
महापौर संजय पांडे ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने नगर के विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और निगम अमले ने राष्ट्रहित एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
