एकल अभियान की आचार्य बहनों ने जवानों को बांधी राखी

बीजापुर। जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ 170 बटालियन कैंप में बुधवार को रक्षाबंधन का पर्व देश के वीर जवानों और एकल अभियान की आचार्य बहनों ने आत्मीयता, उत्साह और राष्ट्रभावना के साथ मनाया। जवानों की कलाइयों पर जब बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा, तो पूरा वातावरण भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्रसेवा की भावना से भावुक हो उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत ॐ के उच्चारण, गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद आचार्य बहनों ने जवानों के माथे पर चंदन तिलक एवं पुष्प अर्पित कर आरती उतारी और उनकी कलाइयों पर राखी बांधी। बहनों ने जवानों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जवानों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर अपना स्नेह व्यक्त किया।

‘शिक्षा और संस्कार देना सबसे महत्वपूर्ण कार्य’

इस अवसर पर 170 बटालियन के कमांडेंट श्री सरकार राजा रमन ने कहा कि, “जो काम एकल अभियान की ये बहनें कर रही हैं, वह काम हम नहीं कर पा रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण कार्य शिक्षा देना और समाज तथा राष्ट्र के प्रति जागरूकता लाना है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभावना से जोड़ना वास्तव में बहुत बड़ा कार्य है।”

उन्होंने कहा कि एकल अभियान की आचार्य बहनें विपरीत परिस्थितियों में भी गांव-गांव जाकर बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का कार्य कर रही हैं। बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और अच्छे संस्कार विकसित करना समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने वाला कार्य है। ऐसी बहनों का जवानों के बीच आकर रक्षाबंधन मनाना उनके लिए गौरव की बात है।

1989 से शिक्षा और संस्कार की अलख

एकल अभियान संच बीजापुर के अध्यक्ष श्री नन्द किशोर राना ने बताया कि एकल विद्यालय अभियान परिवार द्वारा देशभर में रक्षाबंधन का पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एकल विद्यालय अभियान का संचालन वर्ष 1989 में प्रारंभ हुआ था और आज देश के विभिन्न प्रांतों में हजारों एकल विद्यालय संचालित हो रहे हैं।

राणा ने बताया कि एकल विद्यालयों की आचार्य बहनें ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छोटे बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ संस्कार, राष्ट्रभावना, सामाजिक जागरण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराने का कार्य कर रही हैं। एकल अभियान का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण समाज को जागरूक करते हुए भावी पीढ़ी को संस्कारवान और राष्ट्रनिष्ठ बनाना है।

एकल विद्यालय अभियान के बीजापुर संच व दंतेवाड़ा अंचल के पदाधिकारीयो ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर मे 170 बटालियन के कमांडेड श्री सरकार राजा रमन जी को श्री भागवत गीता का ग्रंथ सौजन्य भट्ट किया

रक्षाबंधन की कार्यक्रम में सीआरपीएफ 170 बटालियन के द्वितीय कमांडेंट श्री विनोद कुमार रावत सहित अन्य अधिकारी के साथ एकल अभियान संच बीजापुर के अध्यक्ष श्री नन्द किशोर राना, संच संरक्षक श्री नागेश वड्डे, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख श्री रामधर कश्यप, अंचल पदाधिकारी श्री ललित दानी, लोकनाथ चंद्राकर एवं श्री लिपेंद्र वैष्णव, संच बीजापुर की एसएसपी माता प्रमुख श्रीमती बसंती लिंगम सहित एकल अभियान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *