प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर तक पहुंचेंगे 25 सेवा प्रकल्प

कवर्धा,,, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा जिले में एक माह का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में सेवा के 25 प्रकल्पों के जरिए कार्यकर्ता जिला से लेकर बूथ स्तर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान को प्रभावी बनाने के साथ संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को समय पर बूथ स्तर तक पहुंचाने पर मंथन हुआ।

जिला कार्यशाला सह कार्य समिति के प्रभारी एवं भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि निर्माण के लिए जाना जाता है, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए भारत के निर्माण के लिए जाना जाएगा। विकसित भारत के संकल्प को लेकर मोदी सरकार काम कर रही है। उनके जन्मदिन से एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सेवा के 25 प्रकल्प होंगे, जिन्हें जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आशीर्वाद दिया जलाकर की जाएगी। यह दिया प्रत्येक हितग्राही के घर में जलाया जाएगा।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा सेवा का भाव

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा के संकल्प के रूप में मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव लेकर पहुंचेंगे। उन्होंने बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्य समिति की बैठक में मंडलवार में किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की।

कार्यकर्त्ता करें पूरी निष्ठा से संगठन के सभी कार्य

पूर्व संसदीय सचिव एवं पंडरिया विधायक मोतीराम चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं से संगठन के 13 कार्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी संगठन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देता है तो उन कार्यों की शीर्ष स्तर पर समीक्षा भी होती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों को गंभीरता से पूरा करना चाहिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाएं

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि भाजपा डबल इंजन की सरकार है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है l

बूथ स्तर पर समयबद्ध कार्य पर दिया जोर

प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर निर्धारित समय में संगठन के कार्य पूरे हों, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को तत्पर रहना चाहिए। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट ने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।

14 मंडलों में होंगी कार्यशालाएं

भाजपा संगठन के अनुसार आगामी दिनों में जिले के सभी 14 मंडलों में निर्धारित अवधि के दौरान कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय कर उन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यशाला में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, संतोष पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलास चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, परेटन वर्मा, महामंत्री मुकेश ठाकुर, उपाध्यक्ष देवकुमारी चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष जयराम साहू, कृष्ण कुमार वैष्णव, किसान प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष भुनेश्वर चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *