बकावंड ब्लॉक में राशन की गड़बड़ी और शिक्षक की कमी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 500 ग्रामीणों ने कलेक्टरेट में किया प्रदर्शन

बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तारेका और चारगांव के लगभग 500 ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। आदिवासी नेता एवं बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम चारगांव में राशन वितरण में लगातार अनियमितता बरती जा रही है। आरोप है कि राशन संचालक युवराज बघेल द्वारा हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है। कई हितग्राहियों से दो माह का बायोमेट्रिक सत्यापन करा लेने के बाद भी राशन नहीं दिया गया, जिससे गरीब परिवार परेशान हैं।

वहीं प्राथमिक शाला चारगांव में 90 छात्र-छात्राओं पर मात्र एक शिक्षक पदस्थ होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने अतिरिक्त शिक्षक की तत्काल व्यवस्था की मांग की।

संयुक्त कलेक्टर अगर सिंह राणा ने ज्ञापन लेते हुए जिला खाद्य अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर दो दिनों के भीतर राशन वितरण व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीबों के हक के राशन और बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।

प्रदर्शन में सरपंच जोगेंद्र बघेल, रवि बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *