मां ने बेटा खोया, प्रशासन ने वादा तोड़ा


दंतेवाड़ा। एक मां 16 महीने से अपने बेटे की मौत का हिसाब मांग रही है। वादा करने वाले अधिकारी अब मुंह फेर चुके हैं, और फाइलें अब तक धूल खा रही हैं। यह कहानी है बचेली वार्ड क्र. 03 की गंगा ठाकुरकी।
मंगलवार को गंगा ठाकुर अपने दो मासूम बच्चियों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। साथ थे छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के जिलाध्यक्ष रेमोन मड़कामी और परिजन। हाथ में ज्ञापन था, आंखों में आंसू और दिल में एक ही सवाल मेरे बेटे की मौत का जिम्मेदार कौन?
28 जुलाई 2025 वो काला दिन जब ग्राम हाऊरनार में एनएमडीसी व एल.एंड.टी. कंपनी स्लरी पाइप लाइन बिछा रही थी। काम के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदे गए थे। आरोप है कि गड्ढों के चारों ओर न बैरिकेडिंग थी, न चेतावनी बोर्ड, न कोई सुरक्षा कर्मी। इसी खुले गड्ढे में गिरकर गंगा ठाकुर के एकलौते पुत्र की पानी में डूबकर मौत हो गई। एक मां ने अपना सहारा खो दिया, दो छोटी बच्चियों ने अपना भाई खो दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद एनएमडीसी के अधिकारी अनिमेष झा ने एफआईआर के दौरान कहा था कि घबराइए मत, परियोजना में लेबर सप्लाई में नौकरी देंगे, उचित मुआवजा देंगे।
लेकिन 16 माह बीत गए। न नौकरी मिली, न मुआवजा। गंगा ठाकुर ने ज्ञापन में लिखा है कि मेरी दो छोटी बच्चियों के भरण-पोषण का कोई सहारा नहीं है। मेरा परिवार बेसहारा हो गया है। पति से भी तलाक हो चुका है। गंगा ठाकुर की 3 मांगें हैं कि वादे के अनुसार तत्काल नौकरी दी जाए। न्यायपूर्ण मुआवजा एकमुश्त दिया जाए। दोनों बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की सरकारी व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में कलेक्टर से निवेदन किया गया है कि 7 दिन के अंदर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार सड़क पर उतरने को मजबूर होगा।

रेमोन मड़कामी की हुंकार
जेसीसी (जे) जिलाध्यक्ष रेमोन मड़कामी ने कहा कि यह सिर्फ एक माँ की लड़ाई नहीं, पूरे बस्तर की लड़ाई है। एनएमडीसी यहाँ से करोड़ों का लोहा ले जाती है, लेकिन एक माँ को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। 7 दिन में कार्यवाही नहीं हुई तो जनता कांग्रेस (जे) सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने मांग की है कि दोषी ठेकेदार कंपनी और अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई हो। अब सवाल प्रशासन से है कि क्या एक बेसहारा मां को उसका हक मिलेगा या यह फाइल भी उन फाइलों में दब जाएगी? बस्तर देख रहा है कि प्रशासन क्या करता है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *