स्कूली छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप कराएं तैयारी, शाला त्यागी बच्चों के शत प्रतिशत दाखिले के लिए रणनीति तैयार, कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली

दंतेवाड़ा :- कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली गई। जिले के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, पढ़ाई -लिखाई का स्तर बेहतर करने के साथ ही छात्राओं को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने एवं शिक्षकों की टीचिंग एबिलिटी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। बैठक में आगामी दिवसों की कार्य योजना पर चर्चा की गई। जिसमे विकासखण्डवार अपनी -अपनी कार्ययोजना पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। श्री सोनी ने सभी अधिकारियों को आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए। कार्य योजना में शासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वी से 12वी तक विभिन्न गतिविधियां संचालित कर शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर, छात्रों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उपचारात्मक शिक्षा प्रदान करना, जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट, जेईई, पीईटी, पीएमटी आदि परीक्षाओं के अनुरूप छात्रों को तैयारी जैसे विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 10वी बोर्ड परीक्षा के पहले एवं उपरांत छात्रों की रुचि के अनुरूप उचित करियर काउंसलिंग द्वारा छात्रों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु सभी अधिकारियों को मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। शाला त्यागी बालक – बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला एवं कक्षा पांचवीं से छठवीं और आठवीं से नवीं में शत प्रतिशत ट्रांजिशन रेट सुनिश्चित करने हेतु रणनीति तैयार किया गया।साथ ही कलेक्टर सोनी ने चयनित आदर्श ग्रामपंचायतों में आगामी दिवसों में समर कैंप का आयोजन करने हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश दिए ।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कर्मा, सहायक परियोजना अधिकारी कमल कर्माकार, सहायक कार्यक्रम समन्वयक केशव सिंह, प्रोग्रामर धर्मेंद्र सिंह,समस्त विकासखंडों से खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक, योजना दल के चयनित संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक, पीरामल फाउंडेशन से प्रोग्राम लीडर दीपक शाह और गांधी फैलो शालिक पवार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *