प्रभारी सचिव यशवंत कुमार ने कुटरु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण, भर्ती मरीजों से रुबरु होकर स्वास्थ्य का जाना हाल
बीजापुर :- संचालक कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा प्रभारी सचिव जिला बीजापुर यशवंत कुमार ने जिले के भैरमगढ़ ब्लाक अंतर्गत कुटरु में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया और सभी आवश्यक सुविधाएं क्षेत्र के लोगों को सुलभ कराये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होने इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के दवाई वितरण कक्ष, बाहय रोगी कक्ष तथा वार्डों का निरीक्षण कर उपचारार्थ भर्ती मरीजों से रुबरु होकर उनके स्वास्थ्य का हाल पूछा। वहीं दवाई की सुलभता, नाश्ता एवं भोजन की उपलब्धता और गुणवत्ता के बारे मेें जानकारी ली। प्रभारी सचिव यशवंत कुमार को रसोईया रामलाल वेको ने बताया कि आज सुबह नाश्ता में पोहा मरीजों को दिया गया। वहीं दोपहर के भोजन में रोटी, चावल, दाल एवं सब्जी दी गयी है। चिकित्सा अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अभी बाहय रोगी कक्ष में दस्त, बुखार के ज्यादातर मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। पेथोलॉजी लैब में जांच सुविधाएं उपलब्ध है। इस दौरान प्रभारी सचिव यशवंत कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रिनोवेशन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा, डीएफओ अशोक पटेल, सीईओ जिला पंचायत रवि साहू सहित जिला पंचायत सदस्य सोमारु राम कश्यप एवं क्षेत्र के पंचायत पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
