जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर आदर्श शिक्षक कल्याण संघ मिला मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से

बीजापुर :- इन दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश व्यापी कार्यक्रम भेंट- मुलाकात में अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को देखने के लिये आम जनता एवं कर्मचारियों से रूबरू हो रहे हैं। बीजापुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में आदर्श शिक्षक कल्याण संघ के पदाधिकारी पुरुषोत्तम चंद्रकार,आदि नारायण पुजारी , तरुण सेमल व बुधराम कोरसा ने बीजापुर के विद्यालय, कार्यरत शिक्षक व अध्ययनरत् विद्यार्थियों को मिलने वाली शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया ।

आदर्श शिक्षक कल्याण संघ के संस्थापक व अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्रकार ने स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का स्वागत करते हुये कहा कि बीजापुर जिले के अधिकांश विद्यार्थी सी. बी.एस. ई पाठ्यक्रम को दूसरे राज्यों व छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में जाकर अध्ययन कर रहे हैं, जिससे इन विद्यार्थियों के पालको को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है । इस कारण बीजापुर के प्रत्येक विकास खण्ड में एक – एक और स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालित की जाये जिसमें केवल सी बी एस ई पाठ्यक्रम हो । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासनकाल में शाला अनुदान राशि की बढोत्तरी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस राशि से अधिकांश संस्था प्रमुखों ने अपने विद्यालय के शौचालयों में रनिंग वाटर व टाइल्स लगवाने में खर्च कर पाए हैं, स्कूलों की रंगाई- पोताई और पौधारोपण का कार्य भी किया गया है । इसके लिये माननीय मुख्यमंत्री जी को समस्त शिक्षकों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित कर इस वर्ष की समस्या से अवगत कराया गया कि पी एफ एम एस के कारण जिले के अधिकांश स्कूल के संस्था प्रमुखों ने शाला अनुदान राशि का आहरण नही कर पाये, इसलिए संघ के पदाधिकारियों ने इस राशि को पुनः स्कूल के खाते में डालने के लिये निवेदन भी किया ।
बीजापुर जिले की सबसे बड़ी समस्या पोटा केबिन में अध्ययनरत विद्यार्थियों के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री जी को जानकारी दिये कि जिले में संचालित पोटा केबिनों में स्थाई शिक्षकों के पदों की स्वीकृति नही होने के कारण अतिशेष शिक्षकों से अध्यापन कार्य कराया जा रहा है ।इन पोटा केबिनों में स्थाई शिक्षकों के पद स्वीकृत होने से विद्यार्थी व शिक्षकों का भविष्य सुदृढ होगा ।

माननीय मुख्यमंत्री को वन टाइम रिलेक्सेशन के तहत दी गई पदोन्नति में हुई विसंगती और मई 2005 के बाद नियुक्त हुये शिक्षकों को शासन के नियमानुसार 7 वर्ष पश्चात 2012 में मिलने वाला समयमान वेतनमान का आदेश व एरियर्स राशि 10 वर्ष बाद भी नही मिलने की जानकारी संघ ने दिया ।

माननीय मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खुलने से हिंदी माध्यम के विद्यालय बन्द नही होने की बात कही।अंत मे अपने मांग पत्र में कक्षा 11वी व 12 वी में अध्ययनरत् जिन विद्यार्थियों के पास जाति प्रमाण पत्र नही है व जो आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी हैं उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान करने का निवेदन मुख्यमंत्री से किया गया ।

आदर्श शिक्षक कल्याण संघ के संस्थापक व सचिव आदि नारायण पुजारी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले में कार्यरत शिक्षकों व अध्ययनरत् विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान करने की बात कहा ।
संघ के प्रवक्ता तरुण सेमल ने विद्यालयों को मिलने वाली योजनाओ के लिये मुख्यमंत्री को धन्यवाद प्रेषित करते हुये आभार व्यक्त किये ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *