क्रेडा विभाग व स्वच्छ भारत मिशन के वित्तीय सहयोग से ग्राम वासियों को मिल रहा निःशुल्क बायोगैस ईंधन

बीजापुर :- क्रेडा विभाग व स्वच्छ भारत मिशन के वित्तीय मद से ग्राम पेंकरम में क्रेडा के माध्यम से दीनबंधु मॉडल, 2 घन मीटर बायोगैस सयंत्र स्थापना का कार्य किया गया है। जिससे ग्राम पेंकरम के 8 घरों को निःशुल्क बायोगैस ईंधन प्राप्त हो रहा है। ग्राम पेंकरम आदिवासी व नक्सल प्रभावित दुर्गम गांव है। जो बीजापुर जिले के उसूर तहसील में स्थित है। यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है, यह जंगलों से घिरा हुआ है। बायोगैस सयंत्र से ईधन और अच्छी खाद प्राप्त होने के साथ-साथ महिलाओं/बच्चों को खाना बनाने हेतु जंगल से लकड़ी एकत्र करने तथा गोबर के कंडे बनाने से मुक्ति मिलती है। इससे रसोई घर में धुंए से छुटकारा मिलता है तथा नेत्र एवं फेंफड़े आदि के कई रोगों से बचाव भी किया जा सकता है। इस गैस में खाना पकाने से समय की बचत होती है व बर्तन भी काले नहीं होते।

बायोगैस सयंत्र को यदि घर के शौचालय से जोड़ दिया जाता है तो गांव की सफाई व्यवस्था में भी सुधार हो सकता है। क्रेडा विभाग द्वारा लोगों को बायोगैस सयंत्र स्थापित कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है ताकि धुआं रहित ईंधन ग्रामीणों को मिले एवं स्वास्थ्य की देखभाल भी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *