हरेली त्यौहार के अवसर पर कलेक्टर ने की गौमूत्र खरीदी का शुभारंभ, गौमूत्र से जीवामृत एवं बीजामृत बनाने की प्रक्रिया शुरू
कलेक्टर श्री कटारा ने कृषि यंत्र एवं गौवंश की पूजा-अर्चना कर हरेली की दी शुभकामनाएं
बीजापुर :- बीजापुर नगरपालिका के आदर्श गौठान में छत्तीसगढ़ के प्रथम त्यौहार हरेली के अवसर पर गौमूत्र खरीदी का शुभारंभ किया गया। वहीं प्रशिक्षित महिला स्व-सहायता समूह मणिकंचन द्वारा गौमूत्र से जीवामृत एवं बीजामृत कीट नाशक बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने गौठान में कृषि यंत्रों एवं गौवंश की विधिवत पूजा-अर्चना कर हरेली त्यौहार की शुभकामनाएं दी। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वाकांक्षी योजना गोधन न्याय योजना के अर्न्तगत गोबर खरीदी के बाद अब गौमूत्र खरीदने की जानकारी देते हुए समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं दी एवं आर्थिक गतिविधियों का सुचारू रूप से संचालन करने का मार्गदर्शन दिया। और कहा कि जैविक कीटनाशक के उपयोग से कृषि उत्पादन पर प्रभावी असर पड़ेगा कैमिकल युक्त फसल की अपेक्षा जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशक कृषि, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होगा। गौमूत्र खरीदी एवं गौमूत्र से कीटनाशक बनाने हेतु गौठान समिति मणिकंचन स्व-सहायता महिला समूह में उत्साह का माहौल है। समूह की अध्यक्ष अजूंम परवीन, उपाध्यक्ष टेमिन देशमुख एवं सचिव मंजू पदम ने बताया गोधन न्याय योजना आर्थिक संवृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पिछले दो वर्षों में गोबर खरीदी के साथ-साथ गोबर से विभिन्न उत्पाद हमारी समूह के द्वारा बनाया गया। जिससे आर्थिक रूप से आजादी मिली अब हम गौमूत्र से विभिन्न उत्पादन बनाकर और भी आर्थिक रूप से सशक्त होंगे। छत्तीसगढ़ सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का भरपूर लाभ लेने हम पूरी मेहनत और लगन से कार्य करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, नगरपालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया सहित जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ रवि कुमार साहू सीईओ जनपद पंचायत फागेश सिन्हा, सीएमओ नगरपालिका बंशीलाल नुरेटी, उप संचालक कृषि पीएस कुसरे, उप संचालक पशुधन लल्लन सिहं एवं उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केन्द्र सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
